आज के समय में रील्स और फोटो सिर्फ यादों के लिए नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पहचान का भी बड़ा हिस्सा बन चुके हैं. लोग चाहते हैं कि उनकी हर फोटो और हर रील परफेक्ट हो, जिसमें न सिर्फ उनका लुक बल्कि आसपास का बैकग्राउंड भी खूबसूरत नजर आए. अक्सर आपने देखा होगा कि जो रील्स ज्यादा पसंद की जाती हैं, उनमें लोकेशन का भी अहम रोल होता है. अगर आप दिल्ली में रहते हैं या यहां घूमने आए हैं और रील्स व फोटो के लिए बेहतरीन स्पॉट तलाश रहे हैं, तो यह शहर आपको निराश नहीं करेगा. दिल्ली में ऐसे कई शानदार स्थान हैं, जो आपकी सोशल मीडिया फीड को और भी आकर्षक बना सकते हैं.
हुमायूं का मकबरा
अगर आप पुराने जमाने की शाही और कल्चरल वाइब वाली फोटो चाहते हैं, तो हुमायूं का मकबरा एक बेहतरीन विकल्प है. यहां की ऐतिहासिक वास्तुकला आपकी तस्वीरों को क्लासिक लुक देती है. भारतीय पोशाक में यहां फोटो क्लिक कराने से तस्वीरें और भी ज्यादा प्रभावशाली लगती हैं.
चंपा गली
चंपा गली रंग-बिरंगी लाइट्स, खूबसूरत कैफे और शानदार रील स्पॉट्स के लिए मशहूर है. यहां न सिर्फ आपको बेहतरीन बैकग्राउंड मिलेगा, बल्कि स्वादिष्ट खाने का भी मजा ले सकते हैं. डेट, दोस्तों के साथ घूमने और इंस्टाग्राम के लिए रील्स बनाने के लिए यह जगह काफी पसंद की जाती है.
सुंदर नर्सरी
सुंदर नर्सरी अपने नाम की तरह ही बेहद खूबसूरत है. यहां हरियाली, रंग-बिरंगे फूल और ढेर सारे पेड़-पौधे देखने को मिलते हैं, जो माहौल को काफी शांत और पॉजिटिव बनाते हैं. छोटे तालाबों और फाउंटेन के बीच ली गई तस्वीरें आपकी फोटो को नेचुरल और फ्रेश लुक देती हैं.
हौज खास गांव
हौज खास गांव में प्राचीन किला और झील का नजारा देखने को मिलता है. अगर आप सिनेमैटिक और रॉयल टच वाली फोटो या रील बनाना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए परफेक्ट है. यहां का माहौल कई लोगों को फिल्मी सीन जैसा एहसास देता है.
लोधी गार्डन
लोधी गार्डन में मौजूद ऐतिहासिक मकबरे और हरियाली इसे दिल्ली की सबसे शांत और सुंदर जगहों में शामिल करते हैं. यहां की खुली जगह और हरियाली आपकी तस्वीरों को नेचुरल और एलिगेंट लुक देती है.
कनॉट प्लेस
कनॉट प्लेस यानी CP दिल्ली की सबसे मशहूर जगहों में से एक है. यहां लोग अक्सर फोटो खिंचवाते नजर आते हैं. अगर आप ओल्ड मनी या क्लासिक अर्बन लुक में फोटो लेना चाहते हैं, तो कनॉट प्लेस आपके लिए एकदम सही स्पॉट है. इन जगहों पर जाकर आप न सिर्फ शानदार रील्स और फोटो बना सकते हैं, बल्कि अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल को भी एक नया और आकर्षक अंदाज दे सकते हैं.