आगरा: वर्ष 2026 के पहले दिन मोहब्बत की मिसाल ताजमहल पर पर्यटकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नए साल के जश्न के बीच 1 जनवरी को कुल 42,363 पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान देशी पर्यटकों के साथ बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भी ताजमहल पहुंचे। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कुल पर्यटकों में 38,835 भारतीय और 3,182 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। इसके अलावा सार्क देशों से 339 और बिम्सटेक देशों से 7 पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचे।
टिकट बुकिंग के रुझान पर नजर डालें तो ऑफलाइन टिकटों की मांग ऑनलाइन टिकटों से अधिक रही। कुल 24,023 पर्यटकों ने ऑफलाइन टिकट लेकर प्रवेश किया, जबकि 18,340 लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक कराए। ताजमहल के पश्चिमी गेट पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली, जहां ऑफलाइन माध्यम से 18,260 टिकट बिके।
मुख्य मकबरे का दीदार करने के लिए भी पर्यटकों में खासा उत्साह दिखा। ऑफलाइन माध्यम से 1,815 पर्यटकों ने मुख्य मकबरे के लिए टिकट खरीदे। नए साल के पहले दिन ताजमहल पर उमड़ी इस भारी भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ताजनगरी देश-विदेश के पर्यटकों के लिए हमेशा से आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।