नई दिल्ली। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका लाया गया है, जहां उनके खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा। अमेरिकी सेना ने एक रात्रीकालीन सैन्य अभियान के दौरान मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया था। मादुरो को लेकर आया विमान शनिवार शाम करीब 4:30 बजे न्यूयॉर्क शहर के उत्तरी उपनगर स्थित एक हवाई अड्डे पर उतरा। विमान से उतरते समय मादुरो सावधानी से सीढ़ियों से नीचे उतरे। इस दौरान अमेरिकी कमांडोज ने उन्हें चारों ओर से घेर रखा था। मौके पर मौजूद कई एजेंटों ने अपने मोबाइल फोन से उनके वीडियो भी रिकॉर्ड किए।
मादुरो को DEA कार्यालय ले जाया गया
हवाई अड्डे से मादुरो को हेलीकॉप्टर के जरिए मैनहट्टन ले जाया गया, जहां कानून प्रवर्तन एजेंसियों के वाहनों का एक काफिला पहले से मौजूद था। इस काफिले में एक बख्तरबंद वाहन भी शामिल था, जिसके जरिए उन्हें पास स्थित अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के कार्यालय ले जाया गया। व्हाइट हाउस से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में मादुरो मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं, जब दो DEA एजेंट उनकी बाहें थामे उन्हें कार्यालय के भीतर ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मुकदमे की सुनवाई शुरू होने तक उन्हें ब्रुकलिन की एक संघीय जेल में हिरासत में रखा जाएगा।
ट्रंप का बयान: अमेरिका करेगा वेनेजुएला का संचालन
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अस्थायी रूप से वेनेजुएला का संचालन करेगा और उसके विशाल तेल भंडार का दोहन कर अन्य देशों को तेल बेचेगा। ट्रंप ने यह बयान उस सैन्य कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद दिया, जिसमें मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया।
अमेरिका की यह कार्रवाई तेल-संपन्न वेनेजुएला पर बीते कई महीनों से बढ़ाए जा रहे दबाव का परिणाम मानी जा रही है। इसे 2003 में इराक पर हुए आक्रमण के बाद सत्ता परिवर्तन के उद्देश्य से अमेरिका की सबसे आक्रामक कार्रवाइयों में से एक बताया जा रहा है। यह ऑपरेशन महीनों की गुप्त योजना के बाद अंजाम दिया गया था।
कार्रवाई की वैधता पर सवाल
कानूनी विशेषज्ञों ने तुरंत इस सैन्य अभियान की वैधता पर सवाल उठाए हैं। इस बीच, वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने एक भाषण में अमेरिका से मादुरो को रिहा करने की मांग करते हुए उन्हें देश का वैध नेता बताया। हालांकि, कुछ समय बाद वेनेजुएला की सर्वोच्च अदालत ने डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में पद संभालने का आदेश दे दिया।
मादुरो की गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल बुनियादी ढांचे को सुधारने और नेतृत्व के अभाव का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर तेल निर्यात करने की योजना पर काम करेगा।
बताया गया है कि शनिवार तड़के अमेरिकी सेना ने सैन्य अड्डे पर स्थित मादुरो के आवास से उन्हें और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया था। इसके बाद दोनों को पहले एक अमेरिकी युद्धपोत पर ले जाया गया और फिर अमेरिका लाया गया। मादुरो पर अमेरिका के न्याय विभाग ने मादक पदार्थों से जुड़े आतंकवाद की साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए हैं, जिनके तहत अब उनके खिलाफ मुकदमा चलेगा।