सतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र में गुरुवार की भोर में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। रक्शाकला गांव के पास एक बगीचे में अवैध रूप से पशु वध कर रहे तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में दो गो-तस्करों के बाएं पैर में गोली लगी।
घायल तस्करों की पहचान इकलाख (50) निवासी बस्ती और अलाउद्दीन (28) निवासी दुधारा के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल सेमरियावां अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना स्थल से पुलिस ने 100 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, दो .315 बोर अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, दो चाकू, तराजू-बाट और मांस काटने के उपकरण बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल अभियुक्तों का हाल जाना और पूरी घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि फरार तीन अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। मामले की जांच और अभियान जारी है।