मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की सुरक्षा गाड़ी मुंबई में एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह घटना जुहू स्थित थिंक जिम के पास हुई, और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, अक्षय कुमार शूटिंग से लौट रहे थे। उनकी मर्सिडीज कार के आगे उनकी सुरक्षा वाहन (वैन) चल रही थी, जिस पर अचानक एक अन्य मर्सिडीज ने टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद सुरक्षा वैन एक ऑटो से टकरा गई और पलट गई।
हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। ऑटो चालक को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि घायल ड्राइवर को अस्पताल ले जाने में खुद अक्षय कुमार ने मदद की। सुरक्षा वैन में फंसी सुरक्षा टीम को निकालने के लिए आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाली मर्सिडीज के चालक को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल अक्षय कुमार और उनकी टीम सुरक्षित हैं, और किसी अन्य की गंभीर चोट की खबर नहीं है।