मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। बातचीत के दौरान टाइगर ने बताया कि उन्हें पहले कभी किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी और न ही उनकी किसी से पुरानी दुश्मनी थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि उन्हें निशाना क्यों बनाया गया। घटना के बाद राज्य सरकार और मुंबई पुलिस ने अभिनेता की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। उनके आवास पर अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा और निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। वहीं, पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।
फुटबॉल खेलने के बाद प्रशंसकों से नहीं मिले थे टाइगर
एकनाथ शिंदे से मुलाकात के दौरान टाइगर श्रॉफ ने घटना वाले दिन की पूरी जानकारी दी। बताया गया कि अभिनेता आमतौर पर वीकेंड पर फुटबॉल खेलने जाते हैं। मैच के बाद वह अक्सर अपने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं और उनसे मुलाकात भी करते हैं। हालांकि, घटना वाले दिन थकान महसूस होने के कारण उन्होंने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाने का कार्यक्रम टाल दिया था। इसके बाद फायरिंग की घटना हुई। इस घटनाक्रम के चलते उनके तस्वीरें खिंचवाने के लिए नहीं रुकने को राहत से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि अगर वह उस समय प्रशंसकों के बीच रुकते तो उनकी सुरक्षा को कितना खतरा हो सकता था।
किसी से दुश्मनी और धमकी मिलने से किया इनकार
मुलाकात के दौरान टाइगर श्रॉफ ने कहा कि उन्हें पहले किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी। उन्होंने किसी के साथ पुरानी रंजिश होने की बात से भी इनकार किया। अभिनेता ने लॉरेंस बिश्नोई या सलमान खान से किसी तरह का संबंध होने की बात भी नकारी। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और हमलावरों ने अभिनेता को ही निशाना क्यों बनाया। जांच एजेंसियां आरोपियों की पहचान, उनके संभावित मकसद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
जैकी श्रॉफ और मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी बात
टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और अभिनेता के पिता जैकी श्रॉफ से फोन पर बातचीत की। इस दौरान घटना के बाद की स्थिति और टाइगर की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। अभिनेता की सुरक्षा के मद्देनजर उनके आवास पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और निजी सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अंतिम निर्णय और तैनाती की आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
फायरिंग के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात किसी व्यक्तिगत रंजिश, धमकी या किसी अन्य वजह से जुड़ी है या नहीं।