बॉलीवुड अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इमरान खान को हिरासत में भी लिया था।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। अभिनेता इमरान खान भी इसमें शामिल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, इमरान भारतीय नागरिक नहीं हैं। ऐसे में राजनीतिक प्रदर्शन में उनकी भागीदारी को लेकर उनके खिलाफ इमिग्रेशन कानून के तहत कार्रवाई की गई है।
मुंबई पुलिस ने अभिनेता को ‘लीव इंडिया नोटिस’ (LIN) जारी किया है। इसके तहत उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इमरान खान के पास अमेरिकी नागरिकता और भारत का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है।
किरीट सोमैया ने उठाए थे सवाल
इस मामले को लेकर बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने पहले ही सवाल उठाए थे। उन्होंने इमिग्रेशन अधिकारियों और केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इमरान खान के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की थी।
सोमैया का कहना था कि इमरान खान अमेरिकी नागरिक और OCI कार्डधारक हैं। ऐसे में उन्हें भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े प्रदर्शनों में हिस्सा लेने का अधिकार है या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुंबई पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग भी की थी।
हिरासत से पहले इमरान खान ने क्या कहा था?
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने से पहले इमरान खान ने अपनी मौजूदगी की वजह बताते हुए कहा था कि उनकी कोई राजनीतिक मांग नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इसी शहर में रहने वाले एक व्यक्ति के तौर पर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे।
इमरान के मुताबिक, वह यह समझना चाहते थे कि लोगों की आवाजाही पर रोक क्यों लगाई जा रही है और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश क्यों हो रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि वह किसी संगठन का हिस्सा नहीं हैं और न ही किसी से कोई मांग करने आए हैं। उनके मुताबिक, वह वहां केवल अपनी मौजूदगी दर्ज कराने पहुंचे थे।
अमेरिका में हुआ था इमरान खान का जन्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान का जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के मैडिसन शहर में हुआ था। वह अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट भी है। इसके अलावा, उनके पास भारत का OCI कार्ड है, जिसके तहत उन्हें निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार भारत में रहने और काम करने की अनुमति मिलती है।