मुंबई। सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ इन दिनों हर तरफ छाई हुई है। रिलीज़ के साथ ही फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और दर्शक इसे देशभक्ति और भावनाओं से भरपूर बता रहे हैं। सिनेमाघरों के बाहर टिकट के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और महज दो दिनों में ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है।
बॉक्स ऑफिस पर ज़ोरदार प्रदर्शन
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज़ के दूसरे दिन करीब 35 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। हालांकि दूसरे दिन के आंकड़े अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन अगर यह अनुमान सही रहता है तो फिल्म का कुल कलेक्शन 65 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
धुरंधर का टूटा रिकॉर्ड
‘बॉर्डर 2’ ने साल 2025 की बड़ी फिल्म मानी जा रही ‘धुरंधर’ को भी पीछे छोड़ दिया है। धुरंधर ने दो दिनों में कुल 60 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि बॉर्डर 2 ने यह आंकड़ा पार कर लिया है। धुरंधर ने पहले दिन 28 करोड़ और दूसरे दिन 32 करोड़ का कारोबार किया था। फिल्म ने पहले दिन ही 30 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग की थी। अब एक्सटेंडेड रिपब्लिक डे वीकेंड को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि फिल्म 150 करोड़ रुपये के आंकड़े को छू सकती है।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को टी-सीरीज और निधि दत्ता ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। 1997 की सुपरहिट वॉर फिल्म ‘बॉर्डर’ के इस सीक्वल को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गाने भी चर्चा में हैं। ‘संदेसे आते हैं’ और ‘मिट्टी के बेटे’ जैसे गाने सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड कर रहे हैं।