जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न केवल लोगों को झकझोर दिया है बल्कि सोशल मीडिया की भूमिका पर भी गंभीर बहस छेड़ दी है। सनातन धर्म के प्रचार से जुड़ी साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मामला उस वक्त और उलझ गया, जब उनकी मृत्यु के करीब चार घंटे बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक भावुक पोस्ट सामने आई, जिसे कथित सुसाइड नोट बताया जा रहा है।इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया ट्रोलिंग, ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव जैसे पहलुओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोशल मीडिया विवाद से जुड़ा रहा मामला
साध्वी प्रेम बाईसा हाल के महीनों में सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उनके कई वीडियो चर्चा में रहे थे। इन्हीं वीडियो को लेकर उन्होंने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए थे। साध्वी का कहना था कि उनके पिता से जुड़े एक वीडियो को एडिट कर गलत तरीके से फैलाया गया, जिसके जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। इस मामले में उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी के परिजनों ने साध्वी से माफी मांगी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था।
फिर वायरल हुआ वीडियो, बढ़ा मानसिक दबाव
आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद उसी व्यक्ति ने वीडियो को एक बार फिर एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इसके बाद साध्वी को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही टिप्पणियों और ऑनलाइन हमलों ने उन पर गहरा मानसिक दबाव डाला। अब यही सवाल उठ रहा है कि क्या यही परिस्थितियां उनकी मौत की वजह बनीं।
मौत के बाद आया भावुक पोस्ट
साध्वी के निधन के कुछ घंटे बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से जो पोस्ट सामने आई, उसमें उन्होंने अपने जीवन को सनातन धर्म के लिए समर्पित बताया। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उनका संपूर्ण जीवन सनातन के प्रचार में बीता और अंतिम सांस तक वही उनके हृदय में रहा। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि उन्होंने आदि जगतगुरु शंकराचार्य और कई संतों से अग्नि परीक्षा के लिए निवेदन किया था, लेकिन शायद प्रकृति को कुछ और ही स्वीकार था। अंत में उन्होंने न्याय मिलने की आशा जताई — चाहे जीवन में हो या मृत्यु के बाद।
पोस्ट की टाइमिंग पर सवाल
इस पोस्ट को लेकर संदेह भी जताया जा रहा है। आशंका है कि यह पोस्ट पहले से शेड्यूल की गई हो सकती है, जो मौत के बाद अपने आप प्रकाशित हुई। पुलिस इस तकनीकी पहलू की भी जांच कर रही है।
आश्रम में हंगामा, लगे गंभीर आरोप
मौत के बाद आरती नगर स्थित आश्रम में देर रात तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। समर्थकों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मामले में कुछ तथ्यों को छिपाने की कोशिश की जा रही है। शुरुआत में साध्वी के पिता द्वारा पोस्टमार्टम से इनकार किए जाने पर स्थिति और बिगड़ गई। लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और पोस्टमार्टम की मांग करने लगे। साथ ही आश्रम से सीसीटीवी फुटेज गायब होने के आरोप भी सामने आए।
आज होगा पोस्टमार्टम
देर रात साध्वी का पार्थिव शरीर महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया, जहां आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है, चाहे वह सोशल मीडिया ट्रोलिंग हो, ब्लैकमेलिंग का मामला हो या सुसाइड पोस्ट की सच्चाई।