मेरठ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित विशाल पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह एवं रैली को संबोधित किया। कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीदों के परिजनों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा ही देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का मजबूत आधार है।
राष्ट्रीय सुरक्षा से ही संभव है देश की प्रगति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी देश के विकास के लिए शांति और स्थिरता बेहद जरूरी है। सीमाओं पर दिन-रात मुस्तैद रहने वाले जवानों के कारण ही देश के नागरिक सुरक्षित माहौल में जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी देश सुरक्षित वातावरण में ही अपनी क्षमताओं को वास्तविक विकास में बदल सकता है। यदि सुरक्षा का माहौल कमजोर हो जाए, तो विकास की गति को गिरावट में बदलने में देर नहीं लगती। मुख्यमंत्री ने अग्रिम मोर्चों पर तैनात जवानों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देशवासी बिना किसी भय के चैन की नींद सोते हैं, क्योंकि हमारे सैनिक हर चुनौती के सामने सबसे पहले मजबूती से खड़े रहते हैं।
‘सैनिक कभी रिटायर नहीं होता’
पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सैनिक का देश के प्रति समर्पण उसकी सक्रिय सेवा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जीवनभर कायम रहता है। उन्होंने कहा, “मेरा स्पष्ट मानना है कि एक सैनिक कभी रिटायर नहीं होता। वह केवल अपनी वर्दी बदलता है, लेकिन राष्ट्र के प्रति उसकी निष्ठा और प्रतिबद्धता आजीवन बनी रहती है।”
वीरता पुरस्कार विजेताओं की एकमुश्त राशि और वार्षिकी होगी दोगुनी
पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के वीरता पुरस्कार विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त सम्मान राशि और वार्षिकी (वार्षिक भत्ता) को दोगुना करेगी। इस घोषणा को पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की पेंशन, बैंकिंग तथा सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई, ताकि उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा सके।
मेरठ के बाद अलीगढ़ रवाना होंगे मुख्यमंत्री
पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के बाद मुख्यमंत्री का मेरठ छावनी स्थित बैडमिंटन हॉल का दौरा प्रस्तावित है। इसके बाद वह आरवीसी मैदान से हेलीकॉप्टर के जरिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से शास्त्रीनगर स्थित राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर के आवास पर जाकर उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मेरठ में निर्धारित कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय के हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा अलीगढ़ के लिए रवाना होंगे।