सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए अहम खबर है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। एडमिट कार्ड सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। हालांकि, नियमित छात्र स्वयं अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर सकेंगे। स्कूल प्रशासन को अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स का उपयोग करके एडमिट कार्ड डाउनलोड करने होंगे और बाद में उन्हें छात्रों में वितरित करना होगा।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए स्कूल अथॉरिटी को सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध ‘परीक्षा संगम’ पोर्टल लिंक पर क्लिक करना होगा। संबंधित लिंक पर क्लिक करने के बाद मांगी गई जानकारी भरकर सबमिट करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देंगे, जिन्हें डाउनलोड कर प्रिंट किया जा सकता है।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे एडमिट कार्ड पर दर्ज सभी विवरणों को ध्यानपूर्वक जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो तुरंत अपने स्कूल प्रशासन से संपर्क करें, ताकि परीक्षा से पहले सुधार कराया जा सके। गौरतलब है कि सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। छात्रों को नवीनतम अपडेट के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।