महाराष्ट्र के ठाणे में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के पेपर लीक होने के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। पेपर लीक की पुष्टि के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया है, जिससे करीब 4 लाख उम्मीदवारों का भविष्य फिलहाल अधर में लटक गया है। यह परीक्षा 28 जून 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन उससे ठीक 24 घंटे पहले पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे ने आधिकारिक रूप से TET परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। परिषद के अनुसार परीक्षा राज्यभर के 1,028 केंद्रों पर आयोजित की जानी थी।अब परीक्षा की नई तारीख जल्द ही परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
भिवंडी पुलिस की छापेमारी में खुलासा
जानकारी के मुताबिक, भिवंडी पुलिस ने शनिवार सुबह छापेमारी के दौरान कुछ लोगों के पास TET परीक्षा के प्रश्नों से मिलते-जुलते सवाल बरामद किए। जांच के बाद परीक्षा परिषद ने भी पुष्टि की कि कुछ प्रश्न वास्तविक पेपर से मेल खाते हैं।
इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
सिस्टम पर फिर उठे सवाल
पेपर लीक की घटना ने एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। NEET पेपर लीक विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि TET परीक्षा में हुई इस गड़बड़ी ने शिक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में इससे पहले 2025 में कोल्हापुर से भी TET पेपर लीक का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लाखों उम्मीदवारों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।