उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विकास कार्यों के लिए धनराशि मंजूर की है। अमृत 2.0 योजना के तहत नगर निगम हरिद्वार के वार्ड नंबर 59, सीतापुर सरोवर में वाटर बॉडी रिजुविनेशन योजना के लिए 1.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा, सिंचाई विभाग के तहत विकासखण्ड रायपुर बांदल नदी में नहर के शीर्ष पर जल संरक्षण एवं संवर्द्धन कार्य के लिए 2.19 करोड़ रुपये, बीजापुर नहर के हैड का सुदृढीकरण और आधुनिकीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये तथा उत्तराखंड पेयजल निगम के तहत लोहाघाट टाउन पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 84.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
शिक्षा और छात्रावास के लिए भी बजट
सीएम धामी ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय बालक छात्रावास कंडोली, देहरादून में अनुरक्षण कार्य के लिए 46.56 लाख रुपये की मंजूरी दी। वहीं, राजा बाबू पब्लिक इंटर कॉलेज, आसफग्रांट हरिद्वार को हाईस्कूल (कक्षा 9-10) के लिए 2 लाख रुपये और इण्टरमीडिएट (कक्षा 11-12) के लिए 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। हर्ष पब्लिक जूनियर हाईस्कूल, मूलदासपुर माजरा, हरिद्वार को 1 लाख रुपये वार्षिक टोकन अनुदान देने की स्वीकृति भी मिली।
सड़क संपर्क और अन्य निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने जिला कारागार, देहरादून में भूमिगत विद्युत केबल और पैनल बदलकर आर्मर्ड केबल और पैनल स्थापित करने के लिए 85.22 लाख रुपये की मंजूरी दी। इसके अलावा, पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में अखुली ग्राम पंचायत के संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 54.80 लाख रुपये, धारचूला विधानसभा क्षेत्र में जोशागांधी नगर से कोटाखड़िक इमला ट्रैक के लिए 30.55 लाख रुपये और पिथौरागढ़ के मूनाकोट विकासखण्ड में ग्राम सभा घुर्चू तोक पंतरा से अखुली तोक बुर्गर तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 83.93 लाख रुपये की धनराशि को मंजूरी दी गई। इन कदमों के जरिए मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में जल संरक्षण, शिक्षा और संपर्क मार्गों के विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया है।