रायबरेली| उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार (8 फरवरी) को तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। बेकाबू कार ने पैदल जा रही 9 लड़कियों को कुचल दिया, जिससे 4 की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
यह हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनोली के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस-वे के किनारे लड़कियां पैदल जा रही थीं। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सभी लड़कियां चुली गांव में आयोजित सामुदायिक भोज से लौट रही थीं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई थी। इलाज के दौरान रश्मी (14) और आसमा (22) ने भी दम तोड़ दिया। एक अन्य लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी घायलों का उपचार जारी है। सभी पीड़िताएं जगतपुर थाना क्षेत्र के कोडर और चुली गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम हर्षिता माथुर और एसपी रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।