हरियाणा सरकार ने व्यापक आर्थिक, सामाजिक और दीर्घकालिक प्रभाव वाली 100 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की पहचान कर उनकी उच्चतम स्तर पर निगरानी करने का निर्णय लिया है। इन परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों के 4-5 अधिकारियों की विशेष टास्क फोर्स गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं हर महीने इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर कर कार्यों में तेजी लाई जा सके।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि गठित टास्क फोर्स परियोजनाओं के माइलस्टोन की नियमित निगरानी करेगी, देरी के कारणों की पहचान करेगी और आवश्यकता पड़ने पर अंतर-विभागीय समन्वय सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि सुशासन के बेहतर परिणाम और जन विश्वास को मजबूत करने के लिए विकास परियोजनाओं का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी प्रमुख परियोजनाओं की पहचान कर उनकी सूची जल्द से जल्द एचएसआईआईडीसी को भेजें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूची में केवल उन्हीं परियोजनाओं को शामिल किया जाए जिनका व्यापक और दीर्घकालिक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव हो।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बैठक में कुछ प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी और रीयल टाइम निगरानी तंत्र की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विभागों से अपील की कि वे अपनी परियोजनाओं की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि निगरानी प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।