पंजाब सरकार ने निलंबित आईएएस अधिकारी केके यादव को बहाल करते हुए उन्हें सचिव, जनरल एडमिनिस्ट्रेशन (सामान्य प्रशासन एवं समन्वय विभाग) नियुक्त किया है। वह इस पद पर गौरी पराशर जोशी की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी बहाली से संबंधित आदेश गुरुवार को मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने जारी किए।
दरअसल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए स्मार्टफोन खरीद में देरी के मामले में केके यादव को पिछले महीने निलंबित कर दिया गया था। अब सरकार ने उन्हें बहाल कर नई जिम्मेदारी सौंप दी है। इसी के साथ राज्य सरकार ने तीन पीसीएस अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में संयुक्त प्रमुख सचिव के पद पर तैनात संदीप सिंह को मोहाली नगर निगम में नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं केशव गोयल को पंजाब में माध्यमिक शिक्षा निदेशक (स्कूल शिक्षा सेकेंडरी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा गुरमीत सिंह, जो पटियाला में मुख्यमंत्री के फील्ड अधिकारी के रूप में तैनात थे, उन्हें मुख्यमंत्री का डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी बनाया गया है। सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सभी अधिकारियों को तुरंत अपने नए पदों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।