चंडीगढ़ में 2 मार्च को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि सड़कों पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को अगले तीन वर्षों में चरणबद्ध तरीके से बॉडी कैमरों से लैस किया जाएगा। इसके तहत अगले वर्ष 5,000 बॉडी कैमरे खरीदे जाएंगे, ताकि पुलिस की कार्रवाई में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की गतिविधियां इन कैमरों के जरिए रिकॉर्ड होंगी, जिससे कानून-व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों के समाधान में मदद मिलेगी।
महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सात नए महिला पुलिस थाने खोलने की घोषणा भी की गई है। ये थाने लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर और पेहोवा में स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए सोनीपत, गोहाना और बहादुरगढ़ में तीन नए साइबर क्राइम पुलिस थाने बनाए जाएंगे।
आतंकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष आतंकवाद-रोधी दस्ता (ATS) गठित किया जाएगा। गुरुग्राम और पंचकूला में एक-एक ATS पुलिस थाना स्थापित होगा और इस यूनिट में महिला कमांडो को भी शामिल किया जाएगा। जेल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फतेहाबाद, चरखी दादरी और पंचकूला में नए जिला जेल बनाए जाएंगे, जबकि रोहतक में एक हाई-सिक्योरिटी जेल स्थापित की जाएगी।
बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं, युवाओं, खिलाड़ियों, किसानों और उद्यमियों सहित समाज के सभी वर्गों को सशक्त बनाना है। वहीं विपक्ष ने बजट पर सवाल उठाए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसे वास्तविकता से दूर बताया और राज्य पर बढ़ते कर्ज को लेकर सरकार की आलोचना की। इनेलो अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने भी कर्ज के मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।