लातेहार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत आज लातेहार जिले में जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित बच्चों की पहचान एवं उनके समुचित उपचार के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन उपायुक्त, लातेहार द्वारा किया गया।
इस शिविर में अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि से आए विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. बृजेश, डॉ. नवीन एवं डॉ. विष्णु सहित सिविल सर्जन, लातेहार तथा DRCHO, लातेहार उपस्थित रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें बेहतर एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान कुल 130 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के क्रम में 48 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पहचान की गई। इनमें से 38 बच्चों को सर्जरी हेतु चयनित किया गया है, जबकि शेष 10 बच्चों को आगामी शिविर में पुनः जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए आने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के माध्यम से बच्चों में जन्मजात विकृतियों एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया जाता है। इस प्रकार के शिविर गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनके स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
झारखंड में RBSK के अंतर्गत ऐसे प्रयासों का उद्देश्य आर्थिक एवं भौगोलिक कारणों से उपचार से वंचित बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उन्हें बेहतर जीवन का अवसर प्रदान करना है।

