मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस 17’ से चर्चित हुए अनुराग डोभाल, जिन्हें यूके 07 राइडर के नाम से भी जाना जाता है, इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उनका एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से उनके लाखों प्रशंसकों में चिंता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से अनुराग निजी जीवन में चल रही परेशानियों और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। इसी बीच उनके हादसे की खबर सामने आई। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें उनकी पत्नी रितिका को अस्पताल में भावुक अवस्था में देखा जा सकता है।
हादसे से कुछ दिन पहले अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर करीब दो घंटे का एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति और डिप्रेशन के बारे में खुलकर बात की थी। अनुराग ने दावा किया था कि परिवार, खासकर माता-पिता और भाई के साथ चल रहे विवादों के कारण वह गहरे तनाव में हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी पत्नी उनसे अलग हो गई हैं और उनकी संपत्ति को लेकर भी परिवार के साथ विवाद चल रहा है। इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई थी।
अनुराग की मौजूदा स्थिति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच उनके मैनेजर ने आधिकारिक बयान जारी किया है। सोमवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए पोस्ट में मैनेजर ने बताया कि अनुराग को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया है, जहां उनके फ्रैक्चर का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनुराग की पत्नी रितिका और परिवार के अन्य करीबी सदस्य अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं।
मैनेजर ने सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं की आलोचना करते हुए कहा कि कुछ कंटेंट क्रिएटर्स केवल व्यूज के लिए भ्रामक खबरें और नफरत फैला रहे हैं। उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे किसी को निशाना न बनाएं और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। मैनेजर के अनुसार, अनुराग की सेहत और उनकी रिकवरी इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
सोमवार को अनुराग के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से अस्पताल के बिस्तर की एक तस्वीर भी साझा की गई, जिसके साथ लिखा था कि अनुराग की सलामती के लिए प्रार्थना करें। इस पोस्ट के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। फिलहाल अनुराग डोभाल का इलाज जारी है और उनके प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से अपने काम और राइडिंग के जुनून के साथ वापसी करेंगे।