उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने भारतीय नौसेना में तैनात एक लांस नायक को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो आगरा का रहने वाला है और केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नेवल कमांड में तैनात था। उस पर संवेदनशील सैन्य जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने का आरोप है।
जांच एजेंसियों के अनुसार आदर्श कुमार ने कथित तौर पर ISI एजेंट को भारतीय युद्धपोतों की तस्वीरें और उनसे जुड़ी अहम जानकारियां भेजी थीं। यूपी ATS को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पाकिस्तान आधारित ISI के संपर्क में रहकर भारत से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा कर रहा है। इस इनपुट के आधार पर जांच शुरू की गई, जिसमें कोच्चि में तैनात आगरा निवासी आदर्श कुमार का नाम सामने आया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आदर्श कुमार पाकिस्तान स्थित ISI एजेंट के संपर्क में था और उसने अपने बैंक खाते से उस एजेंट को पैसे भी भेजे थे। इसके साथ ही उसने रणनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील भारतीय युद्धपोतों की तस्वीरें भी साझा की थीं। ATS के मुताबिक उपलब्ध सबूतों के आधार पर आदर्श कुमार की देश विरोधी गतिविधियों और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के नेटवर्क में उसकी आपराधिक संलिप्तता की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी (24) पुत्र बलवीर सिंह के रूप में हुई है। वह आगरा जिले के कागारोल थाना क्षेत्र के चीतपुर गांव का निवासी है। जांच एजेंसियां अब उसके संपर्कों और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।