नई दिल्ली। ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे तनाव के बीच दुबई में बड़ा सुरक्षा अलर्ट देखने को मिला है। दुबई मीडिया ऑफिस के मुताबिक, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के आसपास दो ड्रोन गिरने की घटना सामने आई है। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो घानाई नागरिक, एक बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं।
ड्रोन गिरने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
ड्रोन गिरने की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम ने पिछले कुछ घंटों में कई संदिग्ध ड्रोन और मिसाइलों को रास्ते में ही नष्ट कर दिया। दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल दुबई एयरपोर्ट पर फिलहाल उड़ान संचालन सामान्य बताया जा रहा है और किसी बड़े व्यवधान की खबर नहीं है।
खाड़ी देशों पर बढ़े हमले
इधर खाड़ी क्षेत्र में ईरान की तरफ से हमलों में तेजी देखने को मिल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यूएई, सऊदी अरब, कतर, बहरीन और कुवैत जैसे देशों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। अबू धाबी के रुवैस रिफाइनरी में भी हाल ही में ड्रोन हमले के बाद आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद संचालन रोकना पड़ा।
भारतीय दूतावास की नजर
दुबई में घायल भारतीय नागरिक को लेकर भारत सरकार और भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
यूएई में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए भारत सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। दुबई और अबू धाबी में रहने वाले भारतीयों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में भारतीय नागरिक दुबई स्थित भारतीय दूतावास (+971-4-3971222) या अबू धाबी (+971-2-4492700) पर संपर्क कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में तनाव 28 फरवरी 2026 से लगातार जारी है और तब से अब तक कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए जा चुके हैं।