नई दिल्ली। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध के बीच अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरान के कई बड़े नेताओं की जानकारी देने वालों के लिए भारी इनाम घोषित किया है। इस सूची में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का नाम भी शामिल है।अमेरिका के “रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस” कार्यक्रम के तहत यह घोषणा की गई है। विभाग ने कहा है कि इन नेताओं के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को अधिकतम 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है।
इन नेताओं पर घोषित किया गया इनाम
अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी पोस्टर में मोजतबा खामेनेई के अलावा कई अन्य बड़े ईरानी नेताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं। इनमें अली खामेनेई के पूर्व डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेजजी, शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी, वरिष्ठ सैन्य सलाहकार याह्या रहीम सफवी, गृह मंत्री स्कंदर मोमेनी और खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब शामिल हैं। अमेरिका ने कहा है कि यदि किसी के पास इन नेताओं या ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) से जुड़े शीर्ष अधिकारियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी है, तो वह साझा कर सकता है। इसके लिए “रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस” कार्यक्रम के एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म या टोर नेटवर्क के सुरक्षित चैनलों का उपयोग किया जा सकता है।
जानकारी देने वालों को सुरक्षा का भरोसा
अमेरिकी विदेश विभाग ने यह भी कहा है कि अगर जानकारी देने वाले व्यक्ति को सुरक्षा की जरूरत पड़ती है, तो उसे किसी अन्य देश में बसाने की व्यवस्था भी की जा सकती है।
युद्ध के बीच आया ऐलान
ईरानी नेताओं पर इनाम की यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध लगातार खतरनाक रूप लेता जा रहा है। इस संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया था। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद ईरान की ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ ने उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुन लिया।