तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर AIADMK ने अपना घोषणापत्र जारी करते हुए मतदाताओं को लुभाने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने चेन्नई में जारी इस मेनिफेस्टो में कुल 297 वादों का जिक्र किया है। पार्टी ने महिलाओं के लिए पहले से लागू मुफ्त बस सेवा को आगे बढ़ाते हुए अब पुरुषों को भी फ्री बस यात्रा देने का वादा किया है। इसके अलावा राशन कार्ड धारकों को कई तरह की राहत देने की घोषणा की गई है।
घोषणापत्र के अनुसार, चावल श्रेणी के राशन कार्ड रखने वाले परिवारों की महिला मुखिया को मुफ्त रेफ्रिजरेटर दिया जाएगा। साथ ही हर महीने एक किलो दाल और एक लीटर खाना पकाने का तेल मुफ्त उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। महंगाई और टैक्स के बोझ से राहत देने के लिए हर परिवार को 10,000 रुपये की विशेष सहायता देने की भी घोषणा की गई है। इसके अलावा ग्रामीण रोजगार योजना को बढ़ाकर 150 दिन करने और पुरुषों के लिए भी मुफ्त बस यात्रा लागू करने की बात कही गई है।
पार्टी ने कामकाजी महिलाओं के लिए ‘अम्मा’ टू-व्हीलर योजना के तहत 5 लाख महिलाओं को 25,000 रुपये की सब्सिडी देने का वादा किया है। वहीं बुजुर्गों और अन्य लाभार्थियों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का आश्वासन भी दिया गया है। इसके साथ ही हर परिवार को साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर, रोजगार के नए अवसर और किसानों के लिए विशेष योजनाएं लागू करने का भी वादा किया गया है।
पलानीस्वामी ने कहा कि मुफ्त फ्रिज देने का उद्देश्य गृहिणियों के काम का बोझ कम करना है। यह घोषणाएं पार्टी की दिवंगत नेता जे जयललिता की कल्याणकारी नीतियों की परंपरा को आगे बढ़ाने वाली हैं, जिन्होंने पहले भी मुफ्त पंखे और मिक्सर-ग्राइंडर जैसी योजनाएं शुरू की थीं।