हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया। इस ट्रेन में प्रदेश के सात जिलों से करीब 700 बुजुर्ग श्रद्धालु भगवान श्री राम के दर्शन के लिए यात्रा पर निकले हैं।
मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर और सिग्नल दिखाकर इस आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि अंबाला की पावन धरती से राम जन्मभूमि अयोध्या के लिए विशेष तीर्थ ट्रेन रवाना की गई है। उन्होंने इसे केवल यात्रा नहीं, बल्कि श्रद्धा और आस्था से जुड़ा आध्यात्मिक अनुभव बताया।
सीएम सैनी ने कहा कि यह ट्रेन केवल यात्रियों को ही नहीं, बल्कि हरियाणा की भक्ति और श्रद्धा को भी अयोध्या तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने जानकारी दी कि अप्रैल के अंत में एक और विशेष ट्रेन नांदेड़ साहिब के लिए भी रवाना की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए पेट्रोल-डीजल की कमी और लॉकडाउन को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष आपदा के समय भी राजनीति करने से बाज नहीं आता। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।