मुंबई। महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चामोरशी रोड पर शादी समारोह से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो कार को सामने से आ रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो रामपुर से भदभिड़ी मोकासा की ओर जा रही थी और उसमें करीब 16 लोग सवार थे। गढ़चिरोली-चामोरशी मार्ग पर तलोधी (मोकासा) गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रही यात्री बस ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई यात्री वाहन में फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को तुरंत गढ़चिरोली के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान दो लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ को माना जा रहा है, हालांकि असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।