नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स का सबसे महंगा दांव अब सवालों के घेरे में है। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदकर टीम ने बड़ा भरोसा जताया था, लेकिन मैदान पर उनकी भूमिका सीमित नजर आ रही है।
29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में ग्रीन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। उन्होंने बल्ले से 10 गेंदों में 18 रन भी बनाए, लेकिन हैरानी की बात ये रही कि उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं दिया गया। यह फैसला रणनीतिक कम और मजबूरी ज्यादा लगा।
मैच के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे से जब इस बारे में सवाल किया गया, तो उनका जवाब चौंकाने वाला था। रहाणे ने साफ कहा कि ग्रीन से गेंदबाजी क्यों नहीं कराई गई, इसका जवाब उनसे नहीं बल्कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछा जाना चाहिए। इससे साफ हुआ कि टीम मैनेजमेंट के हाथ इस मामले में बंधे हुए हैं।
दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन की लोअर बैक इंजरी को देखते हुए उन्हें गेंदबाजी से दूर रखने की सलाह दी है। बोर्ड ने KKR को पहले ही जानकारी दे दी थी कि ग्रीन को पूरी तरह फिट होने में समय लगेगा और वह करीब 10-12 दिन तक गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं था, तो उसे इतनी बड़ी रकम में खरीदने का फैसला कितना सही था। ग्रीन के लिए KKR तीसरी IPL टीम है। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं, लेकिन इस बार उनका रोल फिलहाल सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नजर आ रहा है।