मध्य प्रदेश के धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र अंतर्गत गोंदीखेड़ा चारण गांव में 7 अप्रैल की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मिर्ची व्यापार करने वाले देवकृष्ण पुरोहित की हत्या उसकी ही पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर कर दी। घटना को शुरू में लूटपाट का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई। पत्नी प्रियंका पुरोहित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर पति को बंधक बना हत्या और लूटपाट की।लेकिन पुलिस की त्वरित और सटीक जांच ने पूरी साजिश का खुलासा कुछ ही घंटों में कर दिया। पुलिस ने पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सुरेंद्र भाटी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमों ने छापेमारी तेज कर दी है।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रियंका का कमलेश पुरोहित के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। कमलेश ने सुरेंद्र भाटी को 1 लाख रुपये में हत्या के लिए सुपारी दी। पुलिस ने एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में विशेष टीम बनाई और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक प्रमाणों से जांच सीधे मृतक की पत्नी की ओर मुड़ी। कड़ी पूछताछ में प्रियंका ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
परिवार में मातम
मृतक देवकृष्ण की मां लक्ष्मीबाई और बहन ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने बताया कि प्रियंका और देवकृष्ण की शादी लगभग 11 साल पहले हुई थी। 2021 में गौना के बाद प्रियंका ससुराल आई, लेकिन शुरू से ही उसका व्यवहार परिवार के प्रति खराब था। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा, हाथापाई और मोबाइल उपयोग को लेकर विवाद आम थे। परिवार अब आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहा है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी सुरेंद्र भाटी को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।