उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य में तैनात 12 IPS अधिकारियों का एक साथ तबादला कर दिया है। इस बदलाव के तहत कई जिलों में पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिलेगा। सहारनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन का तबादला प्रयागराज कर दिया गया है। अब वे पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। गोण्डा के अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत को संभल भेजा गया है, जहां वे अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वहीं, मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह का ट्रांसफर बहराइच किया गया है।
सीतापुर के सहायक पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले को मेरठ में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) बनाया गया है। मेरठ के सहायक पुलिस अधीक्षक अंतरिक्ष जैन अब बुलंदशहर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के रूप में तैनात रहेंगे। गौतमबुद्धनगर की सहायक पुलिस आयुक्त ट्विंकल जैन को लखनऊ में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद की सहायक पुलिस आयुक्त लिपि नागयाच को वाराणसी में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। प्रयागराज के सहायक पुलिस आयुक्त राजकुमार मीणा का तबादला मिर्जापुर में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर हुआ है। वहीं, लखनऊ के सहायक पुलिस आयुक्त ऋषभ रनवाल को सोनभद्र में अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) बनाया गया है।
संभल के सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार अब प्रतापगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर पूर्वी) के रूप में तैनात होंगे। वाराणसी के सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. ईशान सोनी को जालौन भेजा गया है, जबकि अलीगढ़ के सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक को सहारनपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी दी गई है। इस बड़े फेरबदल से प्रदेश के कई जिलों में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और निगरानी व्यवस्था में बदलाव की उम्मीद की जा रही है।