नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रविवार को रिहा करने का आदेश दिया गया। तीनों को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उन्हें एहतियाती कार्रवाई के तहत दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ।
कोर्ट के आदेश के बाद CJP ने किया पोस्ट
CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह के मुताबिक, कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने तीनों नेताओं को रिहा करने का आदेश दिया। इसके बाद पार्टी ने सोशल मीडिया पर उनकी रिहाई की जानकारी साझा की। पोस्ट में पार्टी ने लिखा, “कॉकरोच कभी नहीं मरते।” तीनों नेताओं को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिया गया था। CJP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।
अभिजीत दिपके के परिवार ने जताई चिंता
महाराष्ट्र के हिंगोली में अभिजीत दिपके के परिवार ने उनसे संपर्क नहीं हो पाने को लेकर चिंता जताई थी। उनके पिता भगवान दिपके ने दावा किया कि कई बार कोशिश करने के बावजूद उनकी बेटे से बात नहीं हो सकी। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर गलत जानकारी देने का आरोप भी लगाया। अभिजीत की मां अनीता दिपके ने भी बेटे की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। परिवार के मुताबिक, उन्हें आशंका थी कि अभिजीत को अपनी दादी के निधन की जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजनों ने बताया कि उनके घर लौटने की उम्मीद में अंतिम संस्कार रोककर रखा गया था।
गुरुग्राम से हिरासत में लिए गए ध्रुव राठी भी रिहा
इसी मामले से जुड़ी एक अन्य घटनाक्रम में यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी देर रात रिहा कर दिया गया। उन्हें शनिवार सुबह गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित आवास से हिरासत में लिया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने यह कार्रवाई की थी। CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह कार्रवाई की। इस दौरान मेट्रो और रेल सेवाओं पर पाबंदियों तथा लोगों को हिरासत में लिए जाने को लेकर सवाल उठे।