नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और आसपास के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है. तूफान से जुड़ी घटनाओं में आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. हालात को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के केंद्र के आसपास हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की जा रही है. तेज झोंकों के दौरान इसकी गति 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. चक्रवात उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके रास्ते और गति पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है.
आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत
चक्रवात के असर से आंध्र प्रदेश में अलग-अलग हादसे हुए हैं. पश्चिम गोदावरी जिले के भीमावरम में रात के समय पेड़ गिरने से 46 वर्षीय चोक्का किशोर कुमार की मौत हो गई. वहीं, सुबह मंदिर के पास बिजली का खंभा गिरने से अखबार वितरित करने वाले रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है.
विशाखापट्टनम में खेत की नाली के पास गिरे बिजली के चालू तार की चपेट में आने से 53 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई. इसके अलावा अनकापल्ली जिले के येलमंचिली में घर के बाहर खुले बिजली के तार के संपर्क में आने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई.
ओडिशा में हाई अलर्ट, 30 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा के दक्षिणी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन अब तक 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुका है. मल्कानगिरी जिले में भारी असर की आशंका जताई गई है. ऐसे में निचले और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को निकालने का अभियान जारी है.
झारखंड के चार जिलों में 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद
चक्रवात से जुड़े मौसम संबंधी प्रभावों और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए झारखंड के चार जिलों में स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है. रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में बुधवार और गुरुवार को स्कूलों में छुट्टी रहेगी.
रेलवे ट्रैक से हटाए गए पेड़, सेवाओं पर निगरानी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि चक्रवात के असर से रेलवे नेटवर्क पर 10 स्थानों पर पेड़ गिर गए थे. राहत टीमों ने सभी जगहों से पेड़ हटाकर रेल पटरियों को साफ कर दिया है. उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में रेल सेवाओं और ट्रैक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यातायात सुरक्षित बना रहे.
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र से मांगी मदद
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर प्रभावित जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. उन्होंने केंद्र से यह भी अपील की है कि नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीमों को जल्द राज्य भेजा जाए. इससे प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने में मदद मिल सकेगी.