नई दिल्ली| जून 2026 में होने वाले भारत का आयरलैंड दौरे के लिए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन की संभावना जताई जा रही है। अगर उनका चयन होता है, तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, चयनकर्ता 15 वर्षीय इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को छोटी टी20 सीरीज में मौका देने पर विचार कर रहे हैं। यह सीरीज इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले खेली जाएगी, जिसमें भारत की “सेकेंड लाइन” टीम उतर सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से जुड़े सूत्रों ने पुष्टि की है कि उनका नाम शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों में शामिल है। वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में लगातार आक्रामक प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। उन्होंने कई मैचों में तेज अर्धशतक और बड़े स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
उनकी प्रमुख पारियां इस प्रकार रहीं—
- RCB के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन
- CSK के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन
- MI के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन
उन्होंने जसप्रीत बुमराह और जोश हेज़लवुड जैसे अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ बल्लेबाजी की।
चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उन्हें जल्द अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। संभावना है कि उन्हें न केवल आयरलैंड सीरीज बल्कि बाद में जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी मौका दिया जा सकता है। अगर वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करते हैं, तो वे भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेट में शेफाली वर्मा और पुरुष क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।
पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने भी उनके चयन की वकालत की है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, युवा खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर परखने का यह सही समय हो सकता है। भारत की टी20 टीम की घोषणा के साथ यह साफ होगा कि क्या यह युवा खिलाड़ी इतिहास रचने के लिए तैयार है या नहीं। फिलहाल क्रिकेट जगत की नजरें चयन समिति के फैसले पर टिकी हैं।