मुंबई: आईपीएल में आज चेन्नई सुपर किंग्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। इस सीजन दोनों टीमें अपना पांचवां मैच खेलने उतरेंगी। CSK ने अब तक सिर्फ एक मैच जीता है और पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है। वहीं KKR को अब तक पहली जीत का इंतजार है। टीम ने चार में से तीन मैच गंवाए हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ था।
चेन्नई और कोलकाता के बीच अब तक 33 IPL मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें CSK ने 21 और KKR ने 12 मैच जीते हैं। चेपॉक में भी CSK का दबदबा रहा है—12 में से 8 मैच टीम ने अपने नाम किए हैं। चेपॉक की पिच पहले स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती थी, लेकिन अब यहां बल्लेबाजों को भी अच्छी मदद मिलती है। ओस के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
यहां अब तक 93 IPL मैच खेले गए हैं, जिनमें 52 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 41 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। इस मैदान का सर्वोच्च स्कोर 246/5 है, जो 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था।
मौसम का हाल
चेन्नई में आज बारिश की संभावना नहीं है। हल्के बादल रहेंगे और मैच के दौरान तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
संभावित प्लेइंग XI
CSK: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर: अकील हुसैन
KKR: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नारायण, अनूकुल रॉय, नवदीप सैनी, कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट प्लेयर: वैभव अरोरा