पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने बुधवार को जलपाईगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित किया। रैली की शुरुआत करते हुए अमित शाह ने लोगों को पोइला बैसाख की शुभकामनाएं दीं और बंगाल को “सोनार बांग्ला” बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जलपाईगुड़ी से ही Mamata Banerjee को सत्ता से हटाने की शुरुआत करनी होगी और यहां की सभी सीटें Narendra Modi के नेतृत्व में भाजपा को जितानी होंगी।
अमित शाह ने TMC पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के बाद पार्टी के “गुंडों” के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजगंज और जलपाईगुड़ी में व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से कटमनी वसूली जा रही है, जिसे खत्म करने का काम भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने बाढ़ राहत में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि 100 करोड़ रुपये तक की राशि हड़प ली गई है और भाजपा सरकार बनने पर इसे वापस लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने “सिंडिकेट माफिया” और “स्टोन माफिया” के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
चाय बागान श्रमिकों को लेकर अमित शाह ने बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद ढाई साल के भीतर श्रमिकों का वेतन 500 रुपये से अधिक किया जाएगा और उन्हें भूमि का अधिकार भी दिया जाएगा।गोरखा मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद इसका संवैधानिक समाधान किया जाएगा। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने का भी आश्वासन दिया।
घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बंगाल से घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। उन्होंने समान नागरिक कानून जैसे मुद्दों को भी छुआ और एक से अधिक विवाह की अनुमति पर सवाल उठाए। रैली के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में किसी को बाबरी मस्जिद बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और राज्य की पहचान को सुरक्षित रखा जाएगा