अमरावती जिले से सामने आए नाबालिग लड़कियों के शोषण के गंभीर मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी अयान तनवीर के घर के अवैध हिस्सों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।परतवाड़ा में स्थित आरोपी के घर के बाहर बनी लोहे की सीढ़ी को जेसीबी से तोड़ा गया। यह सीढ़ी कथित रूप से अवैध थी और पहली मंजिल तक जाने के लिए इस्तेमाल होती थी।
यह कार्रवाई अचलपुर नगर परिषद द्वारा की गई। बताया गया कि आरोपी के परिवार को पहले ही अतिक्रमण को लेकर नोटिस दिया गया था। मौके पर प्रवीण तायड़े भी मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय मोहम्मद अयान को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि वह नाबालिग लड़कियों को “लव ट्रैप” में फंसाकर मुंबई और पुणे ले जाता था, जहां उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब 350 अश्लील वीडियो बनाए थे और उनके जरिए लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। वह WhatsApp और Snapchat ग्रुप्स के जरिए नाबालिगों को निशाना बनाता था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला उजागर हुआ। आरोपी का नाम AIMIM से जुड़ा बताया गया था, लेकिन पार्टी ने खुद को इस मामले से अलग कर लिया है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि आरोपी को पहले ही संगठन से हटाया जा चुका था।
महाराष्ट्र पुलिस ने 14 अप्रैल को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। इस मामले में तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें उजर खान शामिल है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है और डेटा की जांच जारी है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किन-किन लोगों तक पहुंचाए गए।