पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के बीच हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। आसनसोल साउथ की हाई-प्रोफाइल सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर उस वक्त हमला हुआ, जब वह अपनी टीम के साथ रहमत नगर इलाके से गुजर रही थीं। इस दौरान उनकी गाड़ी पर पत्थरबाजी की गई।
अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि उनकी कार पर अचानक बड़ा पत्थर फेंका गया, जिससे गाड़ी का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि कार का पीछे का शीशा पूरी तरह टूट गया। हालांकि, इस हमले में उन्हें और उनके सुरक्षाकर्मियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन पीछे बैठी उनकी सेक्रेटरी को हल्की चोट लगी। उन्होंने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने इशारों में सत्तारूढ़ दल पर आरोप लगाया और कहा कि यह समझना मुश्किल नहीं है कि इसके पीछे कौन हो सकता है।
इस चरण के चुनाव में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें करीब 1.75 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है। करीब 2,450 टुकड़ियां, यानी लगभग 2.5 लाख जवान चुनाव ड्यूटी में लगाए गए हैं। राज्य में 8 हजार से अधिक पोलिंग बूथ को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।