दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। बीजेपी नेता और मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केजरीवाल की तुलना फिल्मी किरदार ‘रहमान डकैत’ से करते हुए कहा कि दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी “दूसरा शीशमहल” खड़ा किया जा रहा है।
प्रवेश वर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अब ‘आलीशान आदमी पार्टी’ बन चुकी है। उनके मुताबिक, दिल्ली चुनाव में हार के बाद केजरीवाल पंजाब शिफ्ट हो गए और वहां भी बड़े स्तर पर सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास के आसपास कई घरों का इस्तेमाल पार्टी के बड़े नेताओं के लिए किया जा रहा है। वर्मा का दावा है कि केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन भी वहां रह रहे हैं और पूरे इलाके को ‘दूसरे शीशमहल’ में तब्दील किया जा रहा है।
लोधी एस्टेट स्थित नए सरकारी आवास को लेकर भी वर्मा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह भले ही सरकारी बंगला हो, लेकिन उसमें किए गए खर्च पर पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी ‘शीशमहल’ को लेकर उठे विवाद में जिम्मेदारी अधिकारियों पर डाल दी गई थी, लेकिन इस बार ऐसा करना आसान नहीं होगा।
केजरीवाल पर निशाना साधते हुए वर्मा ने कहा कि जो नेता कभी सादगी की बात करते थे, आज वही आलीशान जीवनशैली अपना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों की समस्याओं—जैसे महामारी, बिजली और पानी संकट—को नजरअंदाज कर महंगे निर्माण पर ध्यान दिया गया।
प्रवेश वर्मा ने कई सवाल भी उठाए—नए आवास पर खर्च कहां से आया, बार-बार ऐसे निर्माण की जरूरत क्यों पड़ रही है और क्या इसमें किसी घोटाले का पैसा इस्तेमाल हुआ है?
उन्होंने कहा कि आज स्थिति ऐसी हो गई है कि पार्टी के कार्यकर्ता भी असहज महसूस कर रहे हैं। वर्मा के मुताबिक, आम आदमी पार्टी नाम से भले ‘आम’ हो, लेकिन काम ‘राजसी’ अंदाज में हो रहा है।