नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके के कैलाश हिल्स में युवती की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी, जो सिविल सेवा की तैयारी कर रही थी, अपने ही घर में मृत पाई गई। पुलिस ने इस मामले में घर के पूर्व कर्मचारी राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले उसी घर में काम कर चुका था, जिससे उसे घर की बनावट और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के दिन घर के सदस्य बाहर थे, इसी दौरान आरोपी अंदर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। जांच एजेंसियां इस केस को कई स्तरों पर देख रही हैं। तकनीकी साक्ष्य, फॉरेंसिक जांच और आरोपी की मानसिक स्थिति इन सभी पहलुओं पर बारीकी से काम किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पीड़िता का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है, जिसे आरोपी ने वारदात के बाद फेंक दिया था। इसे जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी के बारे में कई अहम बातें सामने आई हैं। नया खुलासा हुआ है कि आरोपी राहुल मीणा को ना सिर्फ गेमिंग एडिक्शन है, बल्कि वो ‘Sexaholic’ मानसिकता से भी ग्रस्त है। यानी यौन इच्छा के लिए विचलन होने वाला। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद ये बाद कबूली की उसे ऑनलाइन गेमिंग और सेक्स एडिक्शन दोनों की लत है। राहुल अपना ज्यादातर वक्त सिर्फ अश्लील और गंदी वीडियो देखने में लगाया करता था। क्योंकि आरोपी राहुल मीणा को इसकी लत थी। इसी तरह आरोपी ने अपने व्यवहार के बारे में और भी अजीबो गरीब खुलासे किए हैं।राहुल गेमिंग से ज्यादा पैसे कमाना चाहता था, ताकि वो कॉल गर्ल्स पर वो पैसे लुटा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इससे पहले भी वह किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है। वारदात के बाद आरोपी घर से नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गया था। वह दिल्ली के द्वारका इलाके में एक होटल में छिपा हुआ था, जहां से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस अपराध में कोई और शामिल था या यह पूरी साजिश अकेले आरोपी ने ही रची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।