मुंबई। मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत के बाद इलाके में डर और बेचैनी का माहौल है। शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा था, लेकिन मरने से पहले पीड़ित के बयान ने इस केस को और उलझा दिया है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात अब्दुल डोकाडिया और उनकी पत्नी नसरीन के घर पर पारिवारिक दावत रखी गई थी। रात करीब 10 बजे तक कुल 9 लोगों ने घर में बनी बिरयानी खाई। चौंकाने वाली बात ये है कि बिरयानी खाने वाले बाकी 5 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
लेकिन रात करीब 1:30 बजे परिवार के चार सदस्यों अब्दुल्ला, उनकी पत्नी नसरीन और दो बच्चों ने तरबूज खाया। इसके कुछ ही देर बाद चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। तेज उल्टियां और दस्त की वजह से हालत इतनी गंभीर हो गई कि वे मदद के लिए आवाज तक नहीं लगा सके। बताया जा रहा है कि शुरुआत में तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने डॉक्टर जैद कुरैशी को बुलाकर जांच करवाई थी। दवा लेने के बाद सभी सो गए, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती रही। सुबह पड़ोसियों की मदद से चारों को जेजे अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान अब्दुल्ला को कुछ देर के लिए होश आया, जहां उन्होंने डॉक्टरों और पुलिस को रात के करीब 5 घंटे का पूरा घटनाक्रम बताया। हालांकि, बयान देने के कुछ ही देर बाद उनकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद पायधुनी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए Food and Drug Administration (FDA) ने घर से मिले तरबूज के सैंपल को जांच के लिए लैब भेज दिया है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं बिरयानी और तरबूज के बीच कोई रासायनिक प्रतिक्रिया तो नहीं हुई, या फिर किसी एक खाद्य पदार्थ में ही जहरीला तत्व मौजूद था। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी हुई है। असली वजह का खुलासा अब पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। एक ही रात में पूरे परिवार के खत्म हो जाने से इलाके में मातम पसरा है और लोग दहशत में हैं।