दूसरे चरण के मतदान से पहले फाल्टा सीट से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान और IPS अजय पाल शर्मा के बीच बयानबाजी का मामला सामने आया है। अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह सख्त लहजे में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद TMC खेमे में नाराजगी देखने को मिली और जहांगीर खान ने जनसभा में इसका जवाब देते हुए कहा, “खेल तुमने शुरू किया, खत्म हम करेंगे… पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त।”
जहांगीर खान का पलटवार
जहांगीर खान ने अपने संबोधन में केंद्रीय सुरक्षा बलों और विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इलाके की असली ताकत जनता है और अगर लोग सड़कों पर उतर आए तो हालात बदल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “यहां हर मां दुर्गा का रूप है और हमारी माताएं किसी से निपटना जानती हैं।”
IPS अजय पाल शर्मा क्या बोले?
वायरल वीडियो में अजय पाल शर्मा को यह कहते सुना जा सकता है कि अगर किसी ने गड़बड़ी की तो “कायदे से इलाज” किया जाएगा। उन्होंने कथित तौर पर TMC उम्मीदवार के समर्थकों द्वारा धमकाने की शिकायत मिलने के बाद सख्त चेतावनी दी थी।
अजय पाल शर्मा उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी हैं और उन्हें ‘सिंघम’ व ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के तौर पर भी जाना जाता है। चुनाव से पहले उन्हें दक्षिण 24 परगना जिले में ऑब्जर्वर के रूप में तैनात किया गया है। इस पूरे विवाद पर अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में प्रभाव डालने के लिए अपने “टेस्ट किए हुए एजेंट” भेज रही है। बयानबाजी के इस दौर ने दूसरे चरण के मतदान से पहले बंगाल की सियासत को और गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग और प्रशासन इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं।