कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) जहां डबल डिजिट में सिमटती नजर आ रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी 190 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाकर इतिहास रचती दिख रही है।
इसी बीच आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर का बयान सामने आया है। उन्होंने शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो हुआ, वह होना ही था। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कबीर ने आरोप लगाया कि उन्होंने जनता के साथ धोखा किया और राज्य में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी तीन बार मुख्यमंत्री रहीं, लेकिन इस दौरान लोगों का भरोसा टूट गया।
कबीर ने आगे कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में जिस तरह की स्थिति बनी, उससे जनता नाराज थी और अब उसने चुनाव में इसका जवाब दिया है। उन्होंने बंगाल की जनता को इस फैसले के लिए बधाई भी दी। रुझानों के मुताबिक, अगर ये आंकड़े नतीजों में बदलते हैं तो पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनने का रास्ता साफ हो सकता है, जो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जाएगा।