दीसपुर| असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले ही सियासी माहौल गर्म हो गया है। रुझानों में NDA की मजबूत बढ़त के बीच गुवाहाटी स्थित बीजेपी मुख्यालय में जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि पार्टी कार्यालय में अस्थायी मंच, बैठने की व्यवस्था, सजावट और फूड स्टॉल लगाए जा रहे हैं। जलेबी, रसगुल्ला और पारंपरिक असमिया पीठा जैसे व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यालय को उत्सव स्थल में बदला जा रहा है, जहां बिहू और नाम-कीर्तन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वहीं चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार NDA करीब 95 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस लगभग 29 सीटों पर आगे चल रही है। इन रुझानों के बीच गुवाहाटी स्थित कांग्रेस कार्यालय में सजावट और लाइटिंग की तैयारियां रद्द कर दी गई हैं।
रुझानों में विपक्ष के कई बड़े नेताओं को झटका लगता दिखाई दे रहा है। नेता प्रतिपक्ष देवव्रत सैकिया, अखिल गोगोई, लुरिनज्योति गोगोई, जगदीश भुयन और राजेन गोहाईं अपनी-अपनी सीटों पर पीछे चल रहे हैं। सिबसागर सीट से चुनाव लड़ रहे अखिल गोगोई पहले राउंड के बाद पिछड़ गए हैं, जबकि एजेपी प्रमुख लुरिनज्योति गोगोई भी बीजेपी उम्मीदवार से पीछे हैं।
वहीं मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जलुकबाड़ी सीट से आगे चल रहे हैं। जोरहाट सीट पर बीजेपी के हितेंद्र नाथ गोस्वामी बढ़त बनाए हुए हैं, जहां कांग्रेस ने गौरव गोगोई को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, बिन्नाकांडी सीट से एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल और दलगांव से मजिबुर रहमान आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझान साफ तौर पर बीजेपी के पक्ष में मजबूत जनादेश का संकेत दे रहे हैं।