कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के संकेतों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पहला रिएक्शन सामने आया है। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि उनकी पार्टी “देखो और इंतजार करो” की नीति पर चलेगी और अंतिम नतीजों का इंतजार करेगी।
उन्होंने कहा, “हमने इस चुनाव में टाइगर के बच्चों की तरह लड़ाई लड़ी है।” इसके साथ ही ममता बनर्जी ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि जानबूझकर काउंटिंग धीमी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कई जगहों पर मतगणना रोकी गई है और कुछ मशीनें भी बंद कर दी गई हैं।
ममता ने यह भी आरोप लगाया कि दफ्तरों में तोड़फोड़ की गई है और वोटों की लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अभी भी करीब 100 सीटों पर आगे है, लेकिन उसे सही तरीके से दिखाया नहीं जा रहा। राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस “माफिया के दबाव में काम कर रही है।” उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की, “डरने की जरूरत नहीं है, हम लड़ाई जारी रखेंगे।”
वहीं, रुझानों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में बड़ी बढ़त बना ली है। 293 सीटों में से बीजेपी लगभग 191 सीटों पर आगे चल रही है, जो बहुमत के आंकड़े 148 से काफी ज्यादा है। दूसरी ओर, टीएमसी करीब 97 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है।
रुझानों के अनुसार, बीजेपी को इस चुनाव में बड़ा फायदा होता दिख रहा है, जबकि टीएमसी को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। पिछले 15 वर्षों से सत्ता में रही ममता बनर्जी की सरकार के लिए यह चुनाव बड़ा झटका साबित होता दिख रहा है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो पहली बार बीजेपी पश्चिम बंगाल में सरकार बनाती नजर आएगी।