फरीदकोट| पंजाब के फरीदकोट में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आगमन से कुछ घंटे पहले तीन बड़े शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी भरे मेल के बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में स्कूलों को खाली कराया गया और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
ईमेल से दी गई तबाही की धमकी, खाली कराए गए स्कूल
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ‘शुकराना यात्रा’ फरीदकोट और कोटकपूरा पहुंचने वाली थी। ठीक उससे पहले सादिक के सरकारी कन्या स्कूल, फरीदकोट के दशमेश पब्लिक स्कूल और दशमेश डेंटल कॉलेज को निशाना बनाने का धमकी भरा ईमेल मिला।
धमकी मिलते ही पुलिस की बम निरोधक टीमें और डॉग स्क्वॉड सक्रिय हो गए। एहतियात के तौर पर तीनों संस्थानों में तुरंत छुट्टी कर दी गई और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षाकर्मी अब चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं।
अभिभावकों में दहशत, स्कूलों के बाहर लगी भीड़
जैसे ही बम की खबर फैली, शहर में हड़कंप मच गया। डरे-सहमे अभिभावक अपने कामकाज छोड़कर बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की ओर दौड़ पड़े। स्कूल के गेट पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक (DSP) तरलोचन सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही क्विक रिस्पांस टीम ने मोर्चा संभाल लिया था। डीएसपी ने कहा, “अब तक की जांच में किसी भी संस्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।”
पंजाब में फिर ‘धमकी वाला ट्रेंड’?
बता दें कि पंजाब में पिछले कुछ दिनों से शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए धमकी देने का चलन बढ़ा है। हाल ही में जालंधर और अन्य शहरों में भी इसी तरह के फर्जी कॉल और मेल सामने आए थे। मुख्यमंत्री के दौरे के कारण फरीदकोट में पहले से ही सुरक्षा सख्त थी, लेकिन इस घटना के बाद पूरे जिले को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया है। फिलहाल साइबर सेल की टीम धमकी भेजने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है।