हिमंत बिस्वा सरमा को एक बार फिर असम में बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। गुवाहाटी में रविवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी। बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे।
अब 12 मई 2026 को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।
असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। उन्होंने इसे राज्य की राजनीति का ऐतिहासिक क्षण बताया। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में विधायक भी शपथ ले सकते हैं।
असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को भारी बहुमत मिला है। बीजेपी ने अपने दम पर 82 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सहयोगी दल एजीपी और बीओपीएफ ने 10-10 सीटें हासिल कीं। इस तरह एनडीए का आंकड़ा 102 सीटों तक पहुंच गया।
वहीं विपक्षी गठबंधन को अपेक्षा के मुताबिक सफलता नहीं मिल सकी। कांग्रेस गठबंधन को सीमित सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि कई क्षेत्रीय दल खाता तक नहीं खोल सके। चुनाव नतीजों के बाद अब असम में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।