कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म होने के बाद भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। हुगली जिले के गोघाट इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता का शव मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मृतक की पहचान सहदेव बाग के रूप में हुई है, जिनका शव खून से सना हुआ एक नाले के पास मिला।
जानकारी के मुताबिक सहदेव बाग शनिवार रात से लापता थे। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने उनका शव गांव के एक पार्टी कार्यालय के पीछे पड़ा देखा। शव पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के पास एक भारी वस्तु भी बरामद हुई है, जिससे हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पत्नी और परिवार ने इस घटना को चुनावी रंजिश से जोड़ते हुए बीजेपी समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि चुनाव नतीजों के बाद से सहदेव को लगातार धमकियां मिल रही थीं। सहदेव की पत्नी स्थानीय पंचायत सदस्य बताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
उधर, पूर्वी मिदनापुर जिले के खेजुरी इलाके में भी तनाव की खबरें सामने आई हैं। हिजली शरीफ गांव में कई दुकानों में आग लगाने और तोड़फोड़ की घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Abhishek Banerjee ने इस घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उपद्रवियों ने सुनियोजित तरीके से दर्जनों दुकानों को आग के हवाले कर दिया, जिससे कई परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है।