उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की दूसरी जगह शादी करने से नाराज उसकी शादीशुदा प्रेमिका ने कथित तौर पर ब्लेड से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। घटना के बाद आरोपी महिला फरार बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पाली थाना क्षेत्र के गुजदेई गांव निवासी 20 वर्षीय युवक का पिछले चार साल से एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि महिला चार बच्चों की मां है और रिश्ते में युवक की भाभी लगती है। युवक की 6 मई को दूसरी जगह शादी हो गई थी, जिससे महिला बेहद नाराज थी।
शनिवार को महिला ने युवक को “आखिरी बार बात करने” के बहाने कुरसैली गांव के खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने ब्लेड निकालकर युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और दर्द से चीखने लगा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. रिजवान ने बताया कि युवक का प्राइवेट पार्ट कट चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।