लखनऊ। प्रतीक यादव के निधन के बाद शनिवार को उनकी अस्थियां हरिद्वार ले जाई गईं। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार रात निधन हो गया था। डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत पल्मोनरी एम्बोलिज्म, यानी शरीर में खून का थक्का जमने के कारण हुई थी।
पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर परिवार के आवास पर लाया गया था, जहां कई राजनीतिक नेताओं और करीबी लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्रियों, विधायकों और अन्य नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए थे। गुरुवार को लखनऊ के बैकुंठ धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया था।
शनिवार सुबह सैफई परिवार के सदस्य बैकुंठ धाम पहुंचे, जहां से अस्थियां लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए। जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य निजी चार्टर विमान से हरिद्वार गए। इस दौरान पत्नी अपर्णा यादव, परिवार के अन्य सदस्य और करीबी भी मौजूद रहे।
हरिद्वार में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि Swami Avdheshanand Giri की देखरेख में पूजा-अर्चना होगी, जिसके बाद गंगा में अस्थि विसर्जन किया जाएगा। प्रतीक यादव के निधन से सैफई परिवार और समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों में शोक का माहौल बना हुआ है।