मुंबई के हिंदुजा हॉस्पिटल के बाहर मंगलवार रात बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब कुछ पैपराजी उनकी निजी मुलाकात को कैमरे में कैद करने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर बहस छिड़ गई है।
अस्पताल के बाहर बिगड़ा माहौल
जानकारी के मुताबिक, सलमान खान किसी करीबी से मिलने हिंदुजा हॉस्पिटल पहुंचे थे। शुरुआत में उन्होंने मीडिया की मौजूदगी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन अस्पताल से बाहर निकलते समय कुछ फोटोग्राफर्स उनकी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ का नाम जोर-जोर से पुकारने लगे। यह बात सलमान को नागवार गुजरी और उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या तुम लोग पागल हो गए हो?” वायरल वीडियो में सलमान गुस्से में पैपराजी से सवाल करते नजर आ रहे हैं कि अगर उनके परिवार का कोई सदस्य अस्पताल में भर्ती हो, तो क्या उन्हें भी ऐसा व्यवहार पसंद आएगा।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
सलमान के गुस्से के बाद मौके पर मौजूद पैपराजी ने उनसे माफी मांगी। हालांकि तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। कई यूजर्स ने सलमान खान का समर्थन करते हुए कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह का व्यवहार गलत है। वहीं कुछ लोगों ने इसे मीडिया और सेलिब्रिटीज के बीच बढ़ती दूरी का संकेत बताया।
सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर जताई नाराजगी
विवाद बढ़ने के बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि मीडिया हमेशा उनके साथ रही है और उन्होंने भी प्रेस का सम्मान किया है, लेकिन किसी के निजी और मुश्किल पलों को तमाशा बनाना ठीक नहीं है। सलमान ने कहा कि लोग अगर उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी चीजों से कमाई करना चाहते हैं, तो कम से कम संवेदनशीलता जरूर दिखाएं।
60 साल का हूं, लड़ना नहीं भूला’
अपने पोस्ट में सलमान खान ने लिखा, “मैं 60 साल का हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला।” उन्होंने साफ कहा कि वह फिल्म प्रमोशन के लिए मीडिया के साथ हमेशा सहयोग करते हैं, लेकिन अस्पताल जैसी जगह पर फिल्म का नाम चिल्लाना गलत है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर #RespectPrivacy ट्रेंड करने लगा और बड़ी संख्या में फैंस सलमान खान के समर्थन में उतर आए। वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि फिलहाल हॉस्पिटल के बाहर हुआ यह विवाद उनकी फिल्म से ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है।