बांदा। यूपी के बांदा में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में लगातार दूसरे दिन बांदा सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। रविवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे शहर में दोपहर के समय सन्नाटा नजर आया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बेहाल दिखे। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। बाइक सवारों ने गर्मी से बचने के लिए चेहरे ढक रखे थे।
शीतल पेय की दुकानों पर उमड़ी भीड़
गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने गन्ने का रस, नारियल पानी और लस्सी का सहारा लिया। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही।
रात में भी नहीं मिली राहत
भीषण गर्मी के चलते रात में भी लोगों को राहत नहीं मिली। कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंकते रहे। ऊपर से बीच-बीच में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को गर्मी के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
लू और तेज गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई दिया। जिला अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में मरीजों की संख्या बढ़ गई। एंबुलेंस में एसी की सुविधा न होने से मरीजों और तीमारदारों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ी। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव करने की सलाह दी है।