ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में स्टार बल्लेबाज Babar Azam की वापसी हुई है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज Mohammad Rizwan को इस बार जगह नहीं मिली है। तेज गेंदबाज Haris Rauf भी टीम में लौटे हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में रिजवान का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने पूरी सीरीज में केवल 58 रन बनाए थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से चयनकर्ताओं ने इस बार उन्हें बाहर रखने का फैसला किया है।
टीम की कमान एक बार फिर Shaheen Shah Afridi को सौंपी गई है। वहीं सलमान अली आगा को उप-कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा नसीम शाह, शादाब खान और सूफियान मुकीम की भी टीम में वापसी हुई है, जो पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं थे।
विकेटकीपर के तौर पर मुहम्मद गाजी गौरी और रोहेल नजीर को मौका दिया गया है। रोहेल नजीर पहली बार पाकिस्तान की वनडे टीम में शामिल किए गए हैं। दूसरी ओर उस्मान खान बीमारी के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहे।
टीम से बाहर रहने वाले खिलाड़ियों में फखर जमां और सैम अयूब भी शामिल हैं। दोनों खिलाड़ी चोट से जूझ रहे हैं और फिलहाल मेडिकल टीम की निगरानी में रिहैब कर रहे हैं।
पाकिस्तान की 16 सदस्यीय टीम शुक्रवार शाम इस्लामाबाद में एकत्रित होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत 30 मई से होगी, जबकि अंतिम मुकाबला 4 जून को खेला जाएगा। मैच रावलपिंडी और लाहौर में आयोजित किए जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम
Shaheen Shah Afridi (कप्तान), सलमान अली आगा (उप-कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफत मिन्हास, Babar Azam, Haris Rauf, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी गौरी (विकेटकीपर), Naseem Shah, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), साहिबजादा फरहान, Shadab Khan, शामिल हुसैन और सूफियान मुकीम।